
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- बांका जिले में सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई सुर्खियों में बनी हुई है। बीडीओ, बिजली विभाग के कर्मी, जिला परिषद कार्यालय कर्मी और राजस्व विभाग के सर्वे अमीन के बाद अब चांदन के अंचलाधिकारी रविकांत कुमार की निगरानी विभाग की टीम द्वारा कथित रूप से रिश्वत लेते गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। अंचलाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद चांदन अंचल कार्यालय में पदाधिकारी का पद रिक्त हो गया है। ऐसे में अंचल के राजस्व कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अब प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।जानकारी के अनुसार, पूर्व चांदन सीओ प्रशांत शांडिल्य को पुनः चांदन अंचलाधिकारी का प्रभार सौंपने की अनुशंसा जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल द्वारा की गई है। वर्तमान में प्रशांत शांडिल्य शंभूगंज के अंचलाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले भी वह चांदन अंचलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।प्रशासन के इस फैसले के बाद अब चांदन में लंबित राजस्व कार्यों, भूमि संबंधी मामलों और आम लोगों से जुड़े अंचल कार्यालय के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।हालांकि, लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों ने आम लोगों के बीच सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पूर्व में चांदन की कमान संभाल चुके प्रशांत शांडिल्य के दोबारा प्रभार लेने के बाद अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली में कितना बदलाव आता है और आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में कितनी राहत मिलती है।









