
खगड़िया। नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने एवं स्थानीय समस्याओं से रूबरू होने के उद्देश्य से नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने वार्ड संख्या 17,19 एवं 20 का दौरा किया।इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माणाधीन सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति,स्थल की स्थिति एवं आम लोगों को होने वाली परेशानियों का जायजा लिया।उन्होंने संबंधित लोगों एवं तकनीकी कर्मियों से निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि विकास योजनाओं का निर्माण निर्धारित प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए।
वर्षों पुराने विवाद का भी निकला समाधान
दौरे के दौरान एक ऐसा मामला भी सामने आया,जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर वर्षों से विवाद चला आ रहा था।विवाद के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही थी और विकास कार्य को लेकर भी स्थिति सहज नहीं थी।मामले की जानकारी मिलने के बाद ज्योतिष मिश्रा ने संबंधित पक्षों से बातचीत की और सभी की बातों को गंभीरता से सुना।

उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी विवाद को लंबा खींचने के बजाय बातचीत और सहमति से समाधान निकालना चाहिए।सभी पक्षों के साथ संवाद के बाद वर्षों से चले आ रहे विवाद को सुलझाने में सफलता मिली, जिससे स्थानीय लोगों में राहत एवं खुशी का माहौल देखने को मिला।
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि सड़क एवं नाला निर्माण जैसी योजनाएं सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी होती हैं।इसलिए इनका निर्माण केवल औपचारिकता के लिए नहीं,बल्कि लंबे समय तक उपयोगी रहने के उद्देश्य से किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।सड़क की मजबूती, नाला की जलनिकासी क्षमता, उचित ढाल तथा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर विशेष ध्यान आवश्यक है।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और तकनीकी कर्मी
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद पप्पू यादव,सुमित कुमार, सिद्धांत कुमार,अमरेश पटेल, बिपिन रॉय,राजा कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।वहीं तकनीकी स्तर पर कनीय अभियंता रौशन कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारी ली गई तथा स्थल की स्थिति पर चर्चा की गई।
जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनना प्राथमिकता
नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास योजनाओं की निगरानी के साथ-साथ जनता की समस्याओं को सीधे सुनना भी आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कई ऐसी समस्याएं होती हैं, जिनका समाधान कार्यालय में बैठकर नहीं,बल्कि मौके पर जाकर ही संभव है।उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि सड़क,नाला,जलजमाव,साफ- सफाई,प्रकाश अथवा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कोई समस्या हो तो उसे नगर परिषद के संज्ञान में लाएं,ताकि संबंधित स्तर पर उसके समाधान का प्रयास किया जा सके।
आपसी सहयोग से ही आगे बढ़ेगा विकास
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।यदि किसी योजना के निर्माण में जमीन, रास्ते अथवा आपसी विवाद से संबंधित समस्या आती है तो बातचीत के माध्यम से उसका समाधान निकालना चाहिए,ताकि विकास कार्य बाधित न हो।उन्होंने कहा कि “नगर का विकास तभी तेज गति से होगा,जब विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं और आपसी विवादों का भी समाधान हो।
जनता की समस्या सुनना और उसके समाधान का प्रयास करना हमारी है जिम्मेदारी
वार्ड 17, 19 एवं 20 के निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सड़क एवं नाला योजनाओं का जायजा लेने के साथ वर्षों पुराने विवाद के समाधान की पहल को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया।नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की निगरानी एवं जनता से सीधा संवाद आगे भी जारी रखने की बात कही गई।











