
लकड़ीकोला में दो ट्रैक्टर जब्त कर लाने के दौरान 30-40 लोगों ने किया हमला; पुलिस-खनन टीम के वाहन और JCB क्षतिग्रस्त, 28 नामजद समेत अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी
बांका:- अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन टीम और पुलिस को सोमवार को बांका थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला इलाके में बालू माफियाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि करीब 30 से 40 की संख्या में अवैध खनन से जुड़े लोगों ने खनन टीम एवं मौके पर पहुंची बांका थाना पुलिस पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। घटना में पुलिस एवं खनन टीम के वाहनों के साथ एक JCB को भी नुकसान पहुंचाया गया। बताया गया कि अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद जिला खनन टीम लकड़ीकोला क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया और उन्हें नदी घाट से थाना लाया जा रहा था।
रास्ते में ट्रैक्टर फंसाने का आरोप
खनन विभाग के अनुसार, वाहनों को नदी घाट से बाहर लाने के दौरान चालकों ने जानबूझकर ट्रैक्टरों को फंसा दिया। इसके बाद फंसे वाहनों को निकालने के लिए JCB की मदद ली जा रही थी। इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि करीब 30 से 40 की संख्या में अवैध खननकर्ता एवं बालू माफिया वहां पहुंचे और खनन टीम तथा बांका थाना के पुलिस पदाधिकारियों पर पत्थर एवं डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस वाहन के शीशे तोड़े, JCB को भी पहुंचाया नुकसान
हमले में बांका थाना का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे तोड़ दिए गए। खनन टीम के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं, फंसे ट्रैक्टर को निकालने के लिए मौके पर मौजूद JCB को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर JCB चालक का मोबाइल लेकर फरार हो गए। अचानक हुए हमले के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खनन विभाग ने आरोपियों की पहचान की कार्रवाई शुरू की।
वीडियोग्राफी बनी कार्रवाई का आधार
खनन टीम द्वारा जब्त ट्रैक्टरों की पहले की गई वीडियोग्राफी को साक्ष्य के रूप में आधार बनाते हुए बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं अवैध खनन से हुई राजस्व क्षति को लेकर 4.24 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित किया गया है। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से घटना में शामिल लोगों की पहचान की गई। अवैध खनन एवं हमले के मामले में 28 नामजद लोगों को चिह्नित करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। खनन विभाग और पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि अवैध खनन के साथ सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और टीम पर हमला करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


BANKA NEWS: बालू माफियाओं का









