खगड़िया/परबत्ता। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता की ओर से 47 टीबी मरीजों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना और टीबी से लड़ने में उनकी मदद करना है।
जानकारी के अनुसार, परबत्ता सीएचसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 40 टीबी मरीजों को खाद्य सामग्री दी गई।
वहीं, कोलवारा में भी 7 टीबी मरीजों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस प्रकार प्रखंड में कुल 47 मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से उपचाररत टीबी मरीजों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। चिकित्सकों के अनुसार, टीबी के उपचार के दौरान नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेना भी बेहद जरूरी है।
पर्याप्त पोषण मिलने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उन्हें स्वस्थ होने में मदद मिलती है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को नियमित दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने तथा उपचार के दौरान चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।


परबत्ता टीबी मरीजों के पोषण









