गुनाहों की माफी और पुरखों के लिए दुआओं के साथ मनाया गया मुकद्दस पर्व
गोगरी (खगड़िया)। इस्लामिक कैलेंडर के महत्वपूर्ण पर्व शब-ए-बरात को गुरुवार को पूरे अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। गुनाहों की मगफेरत (माफी) और पुरखों की रूह के सुकून के लिए दुआएं करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मजारों और कब्रिस्तानों पर पहुंचे।
इबादत और नजर-नियाज का सिलसिला रहा जारी
शब-ए-बरात के मौके पर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। सुबह से ही घरों में हलुआ और अन्य विशेष पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो गईं। शाम होते ही लोगों ने मस्जिदों, घरों और आस्तानों में रोशनी और सजावट की। नजर-नियाज और फातेहा पढ़ने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
रामपुर जामा मस्जिद को इस बार तिरंगे रंग की इलेक्ट्रॉनिक लाइटिंग से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना। सिक्योरिटी प्रभारी मोहम्मद जुनैद आलम ने बताया कि मुश्कीपुर मजार, मकोरबा जमालपुर मजार सहित अन्य आस्तानों पर देर रात तक जायरीनों का तांता लगा रहा।
देश और समाज के लिए मांगी गई अमन-चैन की दुआएं
रामपुर के मौलाना फिरोज आलम ने पूरे आवाम के साथ देश में अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी। उन्होंने आने वाले रमज़ान के पाक महीने के लिए लोगों से तरावीह की नमाज में शिरकत करने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मस्जिदों, आस्तानों और कब्रिस्तानों के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। गोगरी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा।
शब-ए-बरात की इस रात को लोगों ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया, अपने गुनाहों की माफी मांगी और आने वाले दिनों के लिए दुआएं कीं।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 4
Users Yesterday : 20