
बांका/सुईया। सुईया थाना क्षेत्र में दशरथ गोस्वामी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी और उसकी पत्नी हेमंती देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रमोद गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया है। तीनों की गिरफ्तारी झारखंड के देवघर जिले के चित्रा थाना क्षेत्र से की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को छोटन गोस्वामी ने अपने पुत्र दशरथ गोस्वामी के लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद सुईया थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस द्वारा गांव और कांवरिया पथ के आसपास खोजबीन के साथ सीडीआर, एफएसएल तथा स्थानीय दस्तों की मदद से जांच की जा रही थी।इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 बजे वादी के घर के पास स्थित कुएं से दशरथ गोस्वामी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
अनुसंधान में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक का प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी की पत्नी से कथित अवैध संबंध था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद को लेकर प्रेम गोस्वामी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दशरथ की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 23 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्रेम गोस्वामी अपने साथी प्रमोद गोस्वामी और संदीप गोस्वामी के साथ घर पहुंचा। वहां दशरथ गोस्वामी को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद विवाद हुआ। इसके बाद प्रेम गोस्वामी ने दोनों साथियों के साथ मिलकर पहले रस्सी से दशरथ का गला घोंटकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पेट चीरकर तथा शरीर में पत्थर बांधकर शव को कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस ने प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी, उसकी पत्नी हेमंती देवी तथा प्रमोद गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। संदीप गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार एवं बेलहर SDPO डॉ. रविन्द्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में सीआई रंजीत कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, DIU बांका, STF की टीम एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।









