
29 सितंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू, 6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे; 27 अक्टूबर को होगी मतगणना
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर 2026 को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थी 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इसके बाद 23 अक्टूबर, शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा। मतों की गिनती 27 अक्टूबर, मंगलवार को की जाएगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक संपन्न करा ली जाएगी।
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए खगड़िया में भी निर्वाचन से संबंधित आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएंगी। सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी के स्तर से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नामांकन, मतदान और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगी। उम्मीदवारों के नामांकन के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी।











