
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- बुधवार की झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से भी लोगों को राहत मिली। किसानों के लिए यह बारिश अमृत जैसी साबित हुई। धान सहित अन्य फसलों के लिए बारिश को काफी लाभदायक माना जा रहा है। बांका में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का पूर्वानुमान रहा। मौसम विभाग ने बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है।बारिश से खासकर सुदूर ग्रामीण और गांव-देहात क्षेत्रों में किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में नमी आने से धान की फसल को फायदा पहुंचा है। किसान इसे फसल के लिए जरूरी बारिश बता रहे हैं।हालांकि झमाझम बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानी भी बढ़ा दी है। कच्ची और जर्जर ग्रामीण सड़कों पर पानी जमा होने से कीचड़ की स्थिति बन गई है। इससे पैदल चलने के साथ बाइक और अन्य वाहनों के आवागमन में भी लोगों को परेशानी हो रही है। कई सुदूर गांवों में मुख्य सड़क तक पहुंचने वाले रास्ते कीचड़ से भर गए हैं।
वहीं बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से घरों में रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से बाधित आपूर्ति को जल्द बहाल करने की मांग की है।कुल मिलाकर बुधवार की बारिश ने किसानों को राहत और फसलों को संजीवनी दी, लेकिन ग्रामीण सड़कों पर कीचड़ और बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी।


CHANDAN NEWS: झमाझम बारिश से









