
बांका:- श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बांका प्रखंड अंतर्गत लकड़ीकोला पंचायत के महेशाडीह पंचायत भवन में विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने की। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए।
गांव में ही मिल रही सरकारी सेवाओं की सुविधा
विकास शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को जिला मुख्यालय या अन्य सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देना है। शिविर में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आंगनबाड़ी सेवाएं, जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित कुल 22 जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विभागीय काउंटरों पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिससे एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा मिली।

पात्र लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर सुना गया। संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं के समाधान तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

संत रविदास के विचारों से प्रेरणा लेने पर जोर
डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समरसता, भाईचारे और समानता का संदेश दिया तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग दिखाया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए विकास शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव तक पहुंच रहा है।
प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होंगे विकास शिविर
डीएम ने बताया कि प्रत्येक गुरुवार आयोजित होने वाले विकास शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।


BANKA NEWS: विकास शिविर में








