
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जन समाधान कार्यक्रम आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए समाधान के लिए आवेदन सौंपे।

जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जन समाधान कार्यक्रम के दौरान कुल 16 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चौथम, अंचल अधिकारी परबत्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रखंड खेल पदाधिकारी बेलदौर तथा सामान्य शाखा से संबंधित मामले शामिल रहे।

सभी मामलों पर विस्तृत सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें शीघ्र जांच कराकर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे जन समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूत करना है।


Khagaria News: जन समाधान में









