
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- कटोरिया प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय तेलंगवा में रसोईघर की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने रसोईघर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें रसोईघर की स्थिति काफी खराब और अव्यवस्थित दिखाई दे रही है।ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के रसोईघर का निर्माण पूर्व प्रधानाध्यापिका सह शिक्षिका रूपा कुमारी के कार्यकाल में कराया गया था। वर्तमान में रसोईघर की स्थिति को लेकर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए उपयोग होने वाले रसोईघर की स्थिति ऐसी नहीं होनी चाहिए।वहीं, पूर्व प्रधानाध्यापिका शिक्षिका रूपा कुमारी की कार्यशैली को लेकर भी ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं सामने आने लगी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी कार्यशैली से नाराज होकर पूर्व में ग्रामीणों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोला था, जिसके बाद उनका स्थानांतरण कराया गया। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का सवाल है कि विद्यालय के रसोईघर की स्थिति यदि लंबे समय से खराब थी तो अब तक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी। बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े मामले में विभाग द्वारा समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसे लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा है।मामले की जानकारी मिलने के बाद कटोरिया प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने ग्रामीणों को रसोईघर की जांच कराने का भरोसा दिया है। अब ग्रामीणों की नजर विभागीय जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।ग्रामीणों ने जिला शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से विद्यालय के रसोईघर की स्थिति की जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित मध्याह्न भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग उठाई है।


CHANDAN NEWS: प्राथमिक विद्यालय तेलंगवा






