
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- आनंदपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में लगातार आठ दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दुर्गा पूजा को लेकर जहां क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है, वहीं बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरा होते ही गांवों में चोरी का भय बना रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों द्वारा कई घरों को निशाना बनाए जाने की बात भी सामने आई है। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।समस्या को लेकर कटोरिया विद्युत विभाग के एसडीओ श्यामलाल कुमार (मोबाइल नंबर 9264448668) से संपर्क करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, फोन करने पर कभी फोन बंद बताता है तो कभी फोन रिसीव नहीं किया जाता। वहीं, टोनापात्थर पावर ग्रिड सब स्टेशन से संपर्क करने पर कर्मियों द्वारा लोडशेडिंग का हवाला देकर फोन काट दिए जाने की बात कही गई।ग्रामीणों का कहना है कि जब से श्यामलाल कुमार कटोरिया में एसडीओ के पद पर पदस्थापित हुए हैं, तब से क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।








