
स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
बांका:- छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बांका पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक बाँका अमितेश कुमार के निर्देशन में “पुलिस दीदी” (अभया ब्रिगेड) की टीम लगातार सक्रिय रहकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। अभया ब्रिगेड की टीम द्वारा जिले के स्कूल, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थान, छात्रावास तथा अन्य शैक्षणिक परिसरों के आसपास नियमित गश्ती की जा रही है। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि छात्राओं एवं महिलाओं की

सुरक्षा से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके। पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा और आत्मविश्वास कायम करना भी है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस दीदी की मौजूदगी से असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस तक अपनी बात पहुंचाने में भी मदद मिल रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से जिले में महिलाओं एवं छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस की टीम शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास लगातार सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है। बांका पुलिस का यह अभियान माताओं, बहनों और छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।










