
29 पुलिसकर्मी सम्मानित, दुर्गा पूजा को लेकर DJ पर पूर्ण प्रतिबंध और पंडालों में CCTV लगाने का निर्देश
बांका:- जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन और आगामी दुर्गा पूजा को लेकर आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अक्टूबर माह में कांडों के उद्भेदन, निष्पादन एवं डायल-112 के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 29 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए आगे भी इसी तरह तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
न्यायालय के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई
एसपी ने माननीय न्यायालय से प्राप्त समन, वारंट एवं कुर्की का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्रवाई के बाद न्यायालय में तामिला प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित वैधानिक अवधि में कांडों का निष्पादन करने तथा अनुसंधान प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं करने पर विशेष जोर दिया।

दुर्गा पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए एसपी ने सभी थाना एवं प्रखंड स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने संभावित विवादों को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पर्व-त्योहार के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। सभी प्रखंड एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने, जुलूस मार्गों एवं संबंधित स्थलों का भौतिक सत्यापन करने तथा सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया।
गंभीर अपराधों के अनुसंधान पर विशेष जोर
बैठक में हत्या, लूट एवं महिला अपराधों से जुड़े मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने के लिए अनुसंधान की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्रवाई भी जरूरी है। पुलिस अनुसंधान एवं डेटा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए CCTNS के माध्यम से मामलों के निष्पादन को और अधिक सुविधाजनक बनाने पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर लंबित मामलों की निगरानी और निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, साइबर पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, एसडीपीओ बांका, एसडीपीओ बौंसी, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी समेत जिले के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को आगामी पर्व-त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहने का निर्देश दिया।


BANKA NEWS: मासिक क्राइम मीटिंग








