
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन? ग्रामीणों ने जांच की मांग की
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- प्रखंड मुख्यालय स्थित पशु अस्पताल के समीप पशु चलंत एंबुलेंस रखने के लिए निर्माणाधीन भवन को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही बालू में मिट्टी की मात्रा काफी अधिक है, वहीं ईंट की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। इसके अलावा निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट की गुणवत्ता को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी सामग्री से निर्माण होने पर भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है।ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी राशि से बनने वाले भवन के निर्माण में यदि सामग्री की

गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है तो इसकी निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है? निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और सामग्री की गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की जा रही है, यह भी जांच का विषय है।ग्रामीणों का कहना है कि पशु चलंत एंबुलेंस के लिए बनाए जा रहे भवन का निर्माण लंबे समय तक उपयोग को ध्यान में रखकर होना चाहिए। यदि निर्माण के शुरुआती दौर में ही गुणवत्ता से समझौता किया गया तो भविष्य में भवन के जल्द जर्जर होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से निर्माण स्थल का तत्काल निरीक्षण कराने, इस्तेमाल की जा रही सीमेंट, ईंट और बालू की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जांच में अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहा है या नहीं।


CHANDAN NEWS: घटिया सीमेंट, ईंट







