*निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में इंटर के अंकपत्रों में मिली गड़बड़ी, परबत्ता थाना में 4 नवंबर को दर्ज हुए एफ०आई ०आर।
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में वर्ष 2005 और 2006 में हुए शिक्षक नियोजन को लेकर प्रमाण पत्रों में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच रिपोर्ट के आधार पर पांच शिक्षकों के खिलाफ परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि नियोजन के समय प्रस्तुत इंटरमीडिएट के अंकपत्रों में अंक और उत्तीर्ण श्रेणी को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के सत्यापन प्रतिवेदन में अंतर पाया गया है। 
मामला पटना उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका संख्या सीडब्ल्यूजेसी 15459/14 के आलोक में चल रही निगरानी जांच से जुड़ा है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जांच मेमो बीई-08/15 के तहत वर्ष 2006 तक नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों की जांच शुरू की थी। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के ज्ञापांक 4499 दिनांक 9 अप्रैल 2025 के तहत पुलिस निरीक्षक मो. सलाउद्दीन खान को खगड़िया जिले में प्रमाण पत्रों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, मध्य विद्यालय माधवपुर में पदस्थापित जवाहर दास के प्रस्तुत अंकपत्र में 556 अंक और 61.77 प्रतिशत दर्शाया गया था, जबकि बोर्ड के सत्यापन प्रतिवेदन में कुल प्राप्तांक एवं श्रेणी ‘इनकम्प्लीट’ अंकित मिली। वहीं, मध्य विद्यालय यदुवंशनगर की शिक्षिका पूनम कुमारी के प्रमाण पत्र में 547 अंक दर्शाए गए, जबकि बोर्ड के प्रतिवेदन में 230 अंक और ‘इनकम्प्लीट’ दर्ज मिला।
इसी तरह भरतखंड नगर नया विद्यालय में पदस्थापित शशि भूषण मंडल के प्रस्तुत अंकपत्र में 562 अंक थे, जबकि बोर्ड के सत्यापन में 217 अंक और ‘इनकम्प्लीट’ अंकित पाया गया। मध्य विद्यालय यदुवंशनगर भरतखंड के शिक्षक राम विनोद साह के प्रमाण पत्र में 675 अंक और प्रथम श्रेणी दर्शाई गई थी, लेकिन बोर्ड के वर्ष 2019 के सत्यापन प्रतिवेदन में 228 अंक और ‘फेल’ दर्ज मिला।
पांचवीं शिक्षिका ममता कुमारी के मामले में भी जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है। उनके वर्ष 1994 के इंटरमीडिएट परीक्षा के सत्यापन प्रतिवेदन में 245 अंक और ‘फेल’ श्रेणी दर्ज होने की बात कही गई है।
निगरानी निरीक्षक ने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षकों ने नियोजन के समय कथित रूप से गलत प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर अनुचित लाभ प्राप्त किया। साथ ही, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई गई है। आवेदन में संबंधित शिक्षकों एवं अज्ञात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी और साजिश से जुड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया था। परबत्ता थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि निगरानी की ओर से मिले आवेदन के आधार पर बीते 4 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
फिलहाल प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस अनुसंधान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जांच के दौरान प्रमाण पत्रों की वास्तविकता, नियोजन प्रक्रिया और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और आगे की जांच के बाद ही होगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।







