
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव के वार्ड नंबर 4 स्थित दलित बस्ती में शुक्रवार को कथित रूप से बासी पोल्ट्री मीट खाने से एक महिला समेत चार लोग बीमार हो गए। सभी को परिजनों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन में भर्ती कराया।बताया गया कि गुरुवार की रात घर में पोल्ट्री मुर्गे का मीट बनाया गया था। शुक्रवार की सुबह बचे हुए

मीट को खाने के करीब आधे घंटे बाद करिश्मा कुमारी (20 वर्ष), उनके पुत्र आदित्य कुमार (3 वर्ष), दिलशी कुमारी (4 वर्ष) तथा दिलबर कुमार (3 वर्ष) को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। परिजनों ने स्थिति बिगड़ते देख सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने सभी का इलाज किया। उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।











