
दैनिक बिहार पत्रिका। खगड़िया। जनता दल (यूनाइटेड) ने खगड़िया जिले के चर्चित युवा नेता प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा को पार्टी के शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति के तहत उन्हें बिहार प्रदेश जद(यू) शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
बताया गया कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्देशानुसार बिहार प्रदेश जद(यू) शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार द्वारा प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महासचिवों, प्रदेश सचिवों, प्रदेश प्रवक्ताओं, नगर अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में खगड़िया से प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
मनमन बाबा इससे पहले जदयू के प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वह प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
मनमन बाबा के मनोनयन की जानकारी मिलने के बाद जदयू कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। खासकर युवा कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।








