
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मड़ैया थाना क्षेत्र के अररिया गांव में पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्र के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो देशी कट्टा और दो कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अररिया वार्ड नंबर-11 निवासी नीतिश कुमार, पिता मुशीर यादव के रूप में हुई है। बरामद कारतूस में एक जिंदा तथा एक मिसफायर बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे मड़ैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अररिया निवासी मुशीर यादव अपने घर में लकड़ी के संदूक में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हुए है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम जब मुशीर यादव के घर के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर दो व्यक्ति घर से निकलकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर नीतिश कुमार को पकड़ लिया, जबकि मुशीर यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद नीतिश कुमार के घर के कमरे की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लकड़ी के बक्से से दो लोहे के बने देशी कट्टे और दो कारतूस बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले में मड़ैया थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज कर शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पु०अ०नि० मो. इरफान खां, स०अ०नि० विनोद प्रसाद सहित सशस्त्र बल शामिल थे।








