खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जीएन बांध पर मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया और डायल 112 पुलिस को सूचना देकर उसके हवाले कर दिया। घटना नयागांव पचखुट्टी ढाला के समीप की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, नयागांव पचखुट्टी निवासी फुलेन मंडल के पुत्र सूरज कुमार और नयागांव निवासी प्रवीण कुमार जीएन बांध होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान मधेपुर ढाला के समीप पीपल के पेड़ के पास एक युवक ने कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया। घटना के बाद दोनों ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पचखुट्टी ढाला के पास कथित आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान नयागांव पचखुट्टी निवासी नीलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस संबंध में परबत्ता थानाध्यक्ष ओम प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले में पूछताछ जारी है। फिलहाल युवक को अनुमंडलीय पदाधिकारी, गोगरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अधिकारियों के आदेशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।









