*रील बनाने के दौरान हादसे की चर्चा, बेटे की मौत से मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के अगुवानी-पसराहा निर्माणाधीन फोरलेन पर लगार के समीप हुए सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान परबत्ता निवासी पिंटू कुमार उर्फ पिटू सिंह के 17 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान तेमथा राका निवासी आदित्य कुमार के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता लाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन ने रौनक कुमार की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल आदित्य कुमार को एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क पर रील बनाने के लिए स्टैंड लगा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
इधर, जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां रिंकू देवी और दादी राजकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का करुण विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया। मौके पर मौजूद परबत्ता थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।


परबत्ता निर्माणाधीन फोरलेन पर दो








